लखीमपुर खीरी/बरवर/मोहम्मदी। बरवर कस्बे के शास्त्रीनगर मोहल्ला निवासी एक किशोर की बाइक से गिर जाने से मौत हो गई जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक किशोर मोहम्मदी के पीडी कॉलेज के कक्षा 11 का छात्र था।
बताया जाता है कि बरवर निवासी स्व. रामनिवास का पुत्र संजीत उर्फ विक्की(17) मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे घर से मोहम्मदी के लिए निकला था। वापस लौटते समय बरवर-मोहम्मदी रोड पर रामपुर-बड़खर के पास उसकी बाइक लड़खड़ा गई जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। उसके दोस्त उसे मोहम्मदी सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के साथ उसका चचेरा भाई अंकित, दोस्त रामजी, सुशांत निवासी बाजार खुर्द भी थे। बताया जा रहा है कि यह चारों एक बाइक से मोहम्मदी से बरवर संजीत को छोड़ने जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना डॉक्टर ने पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची मां उर्मिला, बड़ा भाई आकाश का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद घर जब उसकी लाश पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। छात्र संजीत की मौत के कारण पीडी कॉलेज में शोक सभा कर उसे श्रद्धांजलि दी गई। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर चार लोग सवार थे। संजीत को छोड़कर बाकी किसी दोस्त को कहीं चोट तक नहीं लगी जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। यह लोग हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे।