शहर कोतवाली से चंद कदम दूर मुख्य चौराहे पर स्थित मदन भूषण भंडार से रविवार को ग्राहक बनकर आए दो चोरों ने गहने खरीदने के बहाने 1.70 लाख कीमत के गहने पार कर दिए। जब तक दुकान की सेल्स गर्ल्स माजरा समझती तब तक दोनों चोर आसानी से फरार हो गए। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक आरोपी का चेेहरा दिखाया है।
मदन भूषण भंडार की स्वामी वंदना मेहरोत्रा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि रविवार की दोपहर करीब 12 बजे दो युवक उनकी दुकान में दाखिल हुए और सेल्स गर्ल्स से सोने के नेकलेस दिखाने को कहा। इस पर सेल्स गर्ल्स ने दोनों युवकों को नेकलेस दिखाने शुरू किए तो आरोपियों ने और गहने दिखाने को कहा। जैसे ही सेल्स गर्ल्स गहने का दूसरा डिब्बा उठाने के लिए मुड़ी, वैसे ही एक युवक ने एक नेकलेस उठाकर अपने साथी को दे दिया। इसी तरह दो बार युवकों ने नेकलेस पार कर अपनी जेब के हवाले किए और पसंद न आने की बात कहकर दुकान से भाग निकले। युवकों की संदेहास्पद हरकत देख सेल्स गर्ल्स को गहने चोरी होने का अहसास हुआ, तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे। वंदना मेहरोत्रा के मुताबिक घटना के समय अन्य सेल्समैन दूसरे कार्यों में लगे थे। उनके मुताबिक चोरों ने 70 ग्राम वजनी सोने के नेकलेस पार कर दिए हैं। कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर रोडवेज चौकी इंचार्ज रामदास वर्मा मय फोर्स मदन भूषण भंडार पहुंचे, जहां उन्होंने गहनता से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी का चेहरा दिखा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।