लखीमपुर खीरी। निघासन थाना क्षेत्र के गांव बैरिया निवासी छात्र चंदन पांडेय की मौत का सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक (अपराध) पान सिंह ने बताया कि चंदन पांडेय की हत्या उसी के दो साथियों की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक (अपराध) पान सिंह ने बताया कि थाना निघासन के गांव बैरिया निवासी सुधीर पांडेय का 19 वर्षीय पुत्र चंदन पांडेय मोहल्ला शांतिनगर में रहता था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके दोस्त अर्जुन उर्फ पियूष के एक रिश्तेदार के मकान में किराये पर एक अन्य छात्र भी बहन के साथ रहता था। 12 फरवरी को चंदन पांडेय का शव महाराज नगर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। शव दो टुकड़ों में होने के कारण पुलिस आत्महत्या मान रही थी, लेकिन घर वाले हत्या की आशंका जता रहे थे। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की। पुलिस को जांच में पता चला कि करीब एक माह पहले अर्जुन ने रिश्तेदार के मकान में रहने वाली छात्रा के फोटो खींच लिए। कुछ दिन बाद अर्जुन ने यह फोटो छात्रा के भाई के दोस्त रवि जायसवाल और चंदन को दिखाए। आरोप है कि चंदन ने अर्जुन को धमकी दी थी कि वह गांव जाकर छात्रा के पिता से इसकी शिकायत करेगा। पुलिस का कहना है कि इससे गुस्साए अर्जुन ने अपने साथी मिदनियां गढ़ी निवासी प्रिंस उर्फ कृष्ण चंद के साथ मिलकर चंदन की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत अर्जुन ने 12 फरवरी को चंदन को रेलवे स्टेशन बुलाया। शाम को उसे लेकर महाराजनगर के निकट रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। जहां उसे शराब पिलाई। बेसुध होने पर उसे रेलवे ट्रैक पर डाल दिया, जिससे उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने चंदन का मोबाइल श्मशान घाट के पास बने तालाब में फेंक दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने अर्जुन उर्फ पियूष और प्रिंस उर्फ कृष्ण को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।