पसगवां (लखीमपुर खीरी)। ब्लॉक में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी रोहित कुमार पांच अप्रैल से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं, जिससे ग्राम पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। उधर, लखनऊ में एसआईटी की विवेचना में ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक भर्ती प्रकरण में ठगी कर लाखों रुपये अभ्यर्थियों से वसूले जाने का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें ग्राम पंचायत अधिकारी रोहित कुमार का नाम भी शामिल है, जिससे रोहित कुमार को गिरफ्तार किए जाने की चर्चा है।
लखनऊ में एसआईटी ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में दो मार्च 2021 को धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी, जिसमें 11 आरोपियों को नामजद किया है और कुछ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। तीन आरोपियों से 44 लाख रुपये की बरामदगी की गई है। इसमें रोहित कुमार का नाम शामिल है।
बीडीओ अमित सिंह ने बताया कि अनुपस्थित चल रहे ग्राम पंचायत अधिकारी रोहित कुमार के संबंध में एसआईटी द्वारा जारी प्रेस नोट और समाचार पत्रों की प्रति विभागीय अधिकारियों को भेज दी है, जिसमे रोहित कुमार की गिरफ्तारी दर्शाई गई है।
डीपीआरओ सौम्य शील सिंह का कहना है कि पसगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी रोहित कुमार के लगातार 10 दिनों से अनुपस्थित होने की सूचना मिली है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद