लखीमपुर प्लाईवुड फै क्ट्री में यूरिया की जांच करते जिला कृषि अधिकारी
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। कृषि योग्य यूरिया का इस्तेमाल रोकने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने यूरिया का प्रयोग करने वाली संभावित फैक्टरियों पर छापा मारा। अधिकारियों ने प्लाईवुड और विनियर फैक्टरियाें में गहनता से जांच की, लेकिन वहां कृषि उपयोग वाली यूरिया नहीं मिली। प्लाईवुड फैक्टरियों में टेक्निकल ग्रेड यूरिया मिली है। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने फैक्टरी मालिकों से टेक्निकल ग्रेड यूरिया की खपत का रिकार्ड तलब किया है।
शासन ने यूरिया की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए फैक्टरियों में यूरिया का इस्तेमाल रोकने के आदेश दिए हैं। इसके लिए जिला कृषि अधिकारी के अलावा उद्योग विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई स्थानों पर फैक्टरियों में जांच की है।
जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने खीरी रोड पर प्लाईवुड और विनियर फैक्टरी में छापा मारा। यहां पर सघन निरीक्षण में टेक्निकल ग्रेड यूरिया मिली। इसकी आपूर्ति बाहर के जिलों मंगाई जाती है, क्योंकि जनपद में टेक्निकल ग्रेड यूरिया का कोई डीलर नहीं है। जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक खीरी में डिटर्जेंट फैक्टरी की जांच की गई, जो काफी समय से बंद है। इसके अलावा पेेंट, वार्निश, प्रिंटिंग इंक, कैटल फीड, डिश बार आदि बनाने वाली फैक्टरियों में जांच कराई जाएगी। संवाद