दुकान का मुआयना करते प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
मैलानी। चोर शनिवार रात पुराना बाजार स्थित एक सराफ की दुकान के ताले तोड़कर उसमें रखी तिजोरी उठा ले गए। तिजोरी में साढ़े बारह हजार रुपये, 30 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी होने की बात कही जा रही है।
मोहल्ला धर्मशाला वार्ड नंबर नौ निवासी संजीव वर्मा की पुराना बाजार में विजय सिंह की दुकानों में सराफ की दुकान है। विजय सिंह ने बताया कि दरवाजे से रात करीब सवा चार बजे उन्हें संजीव की दुकान से रोशनी दिखाई दी। थोड़ी देर बाद ही शटर तोड़ने जैसी आवाज आने पर उन्होंने संजीव को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत पर गए और पड़ोसियों को आवाज लगाई। इस दौरान जब वह अपना चैनल का गेट खोलने गए, तो चैनल कपड़े से बंधा मिला। पड़ोसियों ने बंधा कपड़ा खोला तो वह बाहर निकले। वहां देखा कि संजीव की दुकान का शटर आधा खुला था और ताले टूटे पड़े थे। उन्होेंने तुरंत इसकी सूचना फोन पर संजीव को दी। संजीव ने बताया कि चोर दुकान में रखी तिजोरी ले गए। दुकान के बाहर चौपहिया वाहन के शीशे टूटे मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वाहन की डिक्की में तिजोरी रखी और जल्दबाजी में दरवाजा बंद करने पर डिक्की का शीशा टूट गया।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने मौका मुआयना कर जानकारी ली। संजीव ने पुलिस को दी तहरीर में तिजोरी में 12 हजार 500 रुपये, 30 ग्राम सोने के आभूषण होने की बात बताई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें एक चौपहिया वाहन घटना के दौरान प्रकाश में आया है। संवाद