महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। सदर कोतवाली के बड़ा गांव से जिला आजमगढ़ में मजदूरी करने गए युवक की मौत का मामला सामने आया है।
आरोप है कि युवक का साथी मजदूर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिस पर उसने हंसिये से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वहां आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजन को सौंप दिया। बुजुर्ग पिता ने गमगीन माहौल में शव को मुखाग्नि दी।
मृतक के बड़े भाई संजय ने बताया कि गांव से उसका भाई पप्पू (28) पुत्र हीरा लाल करीब डेढ़ माह पहले आजमगढ़ के ही एक ठेकेदार के बुलावे पर गांव के सुरेश, दिवाकर, सोनू, व गुड्डू के साथ वहां के बिलरिया गांव में मजदूरी करने गया था। वह सब एक ही कमरे में साथ रुकते थे। बुधवार की शाम खाने के वक्त किसी बात को लेकर पप्पू का साथी सुरेश से झगड़ा हो गया। आरोप है कि गुस्से में सुरेश ने पप्पू पर हंसिए से हमला कर दिया, यह देख साथियो में अफरातफरी मच गई। इधर घटना के कुछ देर बाद ही पप्पू के ही एक साथी ने फोन कर घर वालों को सूचना दी। जिसके बाद घर वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर की। मृतक पप्पू के भाई संजय ने बताया कि पूछताछ के बाद सुरेश ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया। शुक्रवार को जब पप्पू का शव घर पहुंचा तो गांव में काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। बुजुर्ग पिता ने बेटे का अंतिम संस्कार किया।
-
बड़ागांव के कुछ मजदूर आजमगढ़ गन्ना छीलने गए थे। किसी बात को लेकर साथियों में विवाद हुआ। जिसमे हंसिया लगने से पप्पू की मौत हुई है, गांव में शांति है।
-महेश गंगवार, चौकी प्रभारी शारदानगर