मारपीट में घायल ग्राम प्रधान के पति और उनकी बुजुर्ग मां। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
ओयल। प्रधानी के चुनाव नजदीक आते ही गांवों में विवाद बढ़ने लगे हैं। शराब पीकर गाली गलौज करने का विरोध करने पर हमलावरों ने गांव खानपुर गुरैला निवासी प्रधान के पति पर हमला बोल दिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी और घर पर ईंट-पत्थर फेंके। प्रधान की बुजुर्ग सास जब बचाने आई तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनकी भी पिटाई कर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। तीन हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
ग्राम खानपुर गुरैला की प्रधान रेखा के पति धीरज कुमार पुष्कर ने बताया कि उनकी गांव के ही दयाशंकर आदि से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि शनिवार की देर शाम 08:30 बजे वह अपने घर पर थे, तभी दयाशंकर, अश्वनी, प्रियांशु, राधेश्याम, अवनीश आदि आ गए और शराब के नशे में धुत हो कर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठियों से हमलाकर पिटाई शुरू कर दी और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। शोर शराबा होने पर जब उनकी 60 वर्षीय मां आभा रानी जब आईं तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। हमलावरों की पिटाई से ग्राम प्रधान के पति और उनकी मां घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन हमलावरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मजरूबी चिट्ठी बनाकर दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। चौकी प्रभारी दिलीप प्रजापति ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।