लखीमपुर खीरी। लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ सहित गंभीर धाराओं में दर्ज मामले को लखनऊ पुलिस ने लखीमपुर खीरी स्थानांतरित कर दिया है। अब इस प्रकरण की जांच सदर कोतवाली पुलिस करेगी।
शहर निवासी एक महिला ने चार सितंबर 2020 को थाना आशियाना (लखनऊ) में पति आदित्य कुमार श्रीवास्तव, ससुर रविंद्र कुमार श्रीवास्तव निवासी सेक्टर एच, एलडीए कॉलोनी थाना आशियाना समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि उसका विवाह 22 नवंबर 2019 को आदित्य कुमार श्रीवास्तव के साथ हुआ था। आरोप है कि पति व ससुराल के अन्य लोग 10 लाख रुपये की मांग करने लगे और मांग पूरी न होने पर जबरन गर्भ गिरवा दिया। यही नहीं ये भी आरोप है कि पति की गैर मौजूदगी में ससुर छेड़छाड़ और अश्लील बातें करने की कोशिश करता था। महिला ने मानसिक उत्पीड़न कर सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया था। लखनऊ की आशियाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अब आशियाना पुलिस ने इस मामले को लखीमपुर खीरी स्थानांतरित किया है। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आशियाना थाने से मुकदमा स्थानांतरित होकर सदर कोतवाली को मिला है, जिसकी जांच मिश्राना पुलिस चौकी प्रभारी रामसुमझ सरोज को सौंपी गई है। संवाद