तहसील की जमीन पर रोका गया अवैध निर्माण। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट में तहसील भवन की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को एसडीएम अखिलेश यादव ने रुकवाते हुए शीघ्र जमीन की पैमाइस कराकर बाउंड्री कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट को अलीगंज रोड से जाने वाले संपर्क मार्ग के दाहिनी ओर बेश कीमती सरकारी जमीन पड़ी है। जो अभिलेखों में तहसील भवन के नाम से गाटा संख्या 692 पर 0.7200, गाटा संख्या 693 पर 0.7990 और 696 पर 0.1000 हेक्टेयर रकबा दर्ज है। इस बेशकीमती जमीन पर वर्षो से भू माफिया की नजर रही है। कई वर्ष पहले भू माफिया ने प्लाटिंग तक कराने का प्रयास किया था। आज आलम यह है कि लोग सांठ गांठ कर पहले इस जमीन पर टाट फट्टी, फूस की टटिया लगाकर घेराबंदी कर लेते, फिर धीरे धीरे अंदर ही अंदर पक्का निर्माण करा लेते हैं। इसी तरह एक नहीं कई मकान बनकर तैयार हो गए हैं। जिसे हटा पाना तहसील प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। रविवार को एक व्यक्ति ने इसी तरह टाट फट्टी लगाकर अंदर ही अंदर पक्का निर्माण कराना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम अखिलेश यादव ने मौके पर जाकर निर्माण रुकवा दिया है।
-
जमीन तहसील भवन के नाम दर्ज है। जिसकी पैमाइश और सीमांकन कराकर शीघ्र बाउंड्री कराई जाएगी। जिन्होंने अवैध निर्माण किया है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-अखिलेश यादव, एसडीएम गोला।