लखीमपुर खीरी। शहर कोतवाली के गांव दीया त्रिलोकपुर में रोहित हत्याकांड में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीन हत्या आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया।
गांव दीया त्रिलोकपुर (राजापुर) निवासी रोहित वर्मा (20) की 21 अक्तूबर की बेल्ट से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 23 अक्तूबर की शाम उसका शव रामापुर-अमृतागंज मार्ग पर स्थित गांव धोबहा के पास से बरामद किया था। पुलिस ने दर्ज कराई गई गुमशुदगी को हत्या में बदल कर अज्ञात हत्यारों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने मृतक के दोस्त रामापुर नई बस्ती निवासी सर्वेश विश्वकर्मा, लालपुर बैरियर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी सुनील गौतम और अर्जुनलाल को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विजय ढुल ने बताया कि हत्यारोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेल्ट, एक बाइक और मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि रोहित और सर्वेश एक साथ प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते थे। मृतक रोहित का सर्वेश के घर आना जाना था। इससे नाराज होकर सर्वेश ने अपने साथी सुनील और अर्जुन के साथ मिलकर बेल्ट से गला घोंटकर रोहित की हत्या की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया।
पिता का हत्यारोपी पुत्र गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी महादेव (85) की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार मृतक के बड़े बेटे शिवबालक को गिरफ्तार कर लिया है। चार दिन पहले शिवबालक ने अपने चार पुत्रों के साथ मिलकर सुबह करीब छह बजे पिता की हत्या कर दी थी। एसपी विजय ढुल ने बताया कि पुलिस इस मामले में दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि गोली लगने से घायल एक आरोपी का पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। पांचवें आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। संवाद