नेपाल में एसआई का शव मिलने के बाद नदी किनारे लगी भीड़। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धनगढ़ी (नेपाल)। कैलाली जिला के धनगढ़ी उप महानगर पालिका के तहत जुगेड़ा अस्थायी पुलिस चौकी प्रभारी अपने हमराही सिपाही के साथ गश्त पर गए थे। रविवार सुबह उनका शव मोहाना नदी घाट पर पड़ा मिला, जबकि साथ गए सिपाही का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। सिपाही की तलाश की जा रही है। नेपाल पुलिस के एसआई की तस्करों द्वारा गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
कैलाली जिला पुलिस प्रवक्ता व डीएसपी प्रतीक बिष्ट ने बताया कि धनगढ़ी उप महानगर पालिका के वार्ड नंबर 12 में बनी अस्थायी पुलिस चौकी इंचार्ज गोविंद विक शनिवार रात साढ़े आठ बजे सिपाही राम बहादुर साउंद के साथ बाइक से गश्त पर निकले थे, सुबह तक चौकी पर नहीं लौटे। इसके बाद सिपाहियों ने मोहाना नदी किनारे उनकी तलाश की। काफी देर बाद चौकी से दो किलोमीटर दूर नदी किनारे उनकी बाइक खड़ी मिली। जबकि एक किलोमीटर आगे एसआई का शव मोहाना नदी में पड़ा हुआ मिला। शव के गले को धारदार हथियार से रेता गया था। घटनास्थल से एक मैग्जीन मिली है, एक पिस्टल और एक मैग्जीन गायब है। उधर सिपाही का कोई पता नहीं चल सका है जिसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि उक्त चौकी इंचार्ज पिछले कई दिनों में कई बार तस्करी का माल पकड़ चुके हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि तस्करों ने उनकी हत्या की है। उधर, घटना के बाद से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संवाद