धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। खाता धारक की मौत के बाद उसके बैंक के खाते से तीन बार में 16,500 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। मृतक खातेदार के पुत्र ने बैंक कर्मचारियों पर जालसाजी कर रुपये निकालने का आरोप लगाया है। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव चिकनाजीत निवासी कृष्णकांत ने बताया कि पिता परमेश्वर का खाता पंजाब नेशनल बैंक की शाखा गुदरिया में था। 20 जनवरी 2018 को पिता की मौत हो गई थी। मृत्यु के बाद वह पिता का बैंक खाता बंद कराने बैंक शाखा गया। तत्कालीन शाखा प्रबंधक को प्रार्थना पत्र और मृत्यु प्रमाणपत्र देकर खाता बंद करने की मांग की, लेकिन बैंक कर्मियों ने खाता बंद नहीं किया। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने फर्जी अंगूठा लगाकर पिता के खाते से 13 फरवरी 2020 को 12000 रुपये, 14 मई 2020 को 1500 रुपये और 29 जून 2020 को 3000 रुपये निकाल लिए। जब उसे रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई तो वह बैंक गया। शाखा प्रबंधक से शिकायत की। इस पर शाखा प्रबंधक भड़क गए। आरोप है कि उल्टा फर्जी मुकदमा लिखवाने की धमकी देने लगे। पीड़ित कृष्णकांत ने शाखा प्रबंधक और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि मामला काफी गंभीर है जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
--------------
आरोप पूरी तरह से निराधार है। पिता को बीमार बताकर कृष्णकांत ने ही खाते से राशि निकाली है।
-विनय श्रीवास्तव, शाखा प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक शाखा गुदरिया