शारदानगर। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के बेलखुर्द गांव के बाहर शनिवार को एक आम के पेड़ से अधेड़ का शव लटका मिला है, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे ग्रामीण भी उसकी शिनाख्त नहीं कर पाए हैं, जिससे पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
शारदानगर के पास फूलबेहड़ क्षेत्र में बेलखुर्द गांव के पश्चिम भारत प्रसाद वर्मा का खेत है, जिसमें आम का पेड़ लगा है। शनिवार सुबह खेत की ओर गए लोगों ने दुर्गंध महसूस की, पास जाकर देखा तो आम के पेड़ में गमछे से एक अधेड़ की लाश लटकी मिली। धीरे-धीरे वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। मृतक पैंट-शर्ट पहने है। शव के पास एक पालीथिन में सेब, पानी की बोतल, देशी दारू की खाली शीशी और कुछ रुपये पड़े मिले। पैरो में चप्पल पहनी मिली। तेज दुर्गंध उठने से शव के तीन से चार दिन पुराना होने के कयास लगाए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने गले में दबाव के निशान देखकर अधेड़ की हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। मृतक की शिनाख्त न होने से हत्या की आशंका को बल मिल रहा है।
करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिला है। चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
एसएन सिंह, प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़