लखीमपुर खीरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुआ में तैनात महिला बीएमसी ने अधीक्षक पर अभद्र व्यवहार करने और नौकरी लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी शिकायत मानवाधिकार एवं न्याय सुरक्षा के जिलाध्यक्ष से की है। उधर, गुरुवार को दोनों के बीच हुए विवाद का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है।
पलिया निवासी शबनम यूनीसेफ की ओर से बीएमसी (ब्लॉक मोबलाइजेशन कोआर्डीनेटर) पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए बताया कि अधीक्षक ने फोन कर वार्ता के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया और नौकरी ले लेने की धमकी दी। दोनों की वार्ता का ऑडियो भी गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें अधीक्षक फील्ड में न जाकर फोन पर विभागीय आंकडे़ इकट्ठा करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि बीएमसी इसकी सफाई दे रहीं हैं। बीएमसी ने इसकी शिकायत मानवाधिकार एवं न्याय सुरक्षा प्रहरी संगठन के जिलाध्यक्ष से की है। संगठन के जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने कहा कि अधीक्षक ने एक महिला कर्मी को अपशब्द कहते हुए नौकरी लेने की धमकी दी है। इससे महिला कर्मी परेशान है। अगर महिला को न्याय न मिला तो संगठन आंदोलन करेगा।
न तो विवाद होने की जानकारी है और न ही कोई ऑडियो मिला है। यदि महिला कर्मी शिकायत करती है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ