संपूर्णानगर। वन रेंज के तहत थाना हजारा के रामनगर गांव में बगैर परमिट लकड़कट्टों ने आम के दर्जन भर से ज्यादा हरे पेड़ों का कटान करा दिया। शिकायत पर वन विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वन विभाग ने कार्रवाई किए जाने की बात कही है। डिप्टी रेंजर ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
नार्थ खीरी वन प्रभाग के संपूर्णानगर इलाके में इन दिनों से बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों का कटान किया जा रहा है। वन विभाग से सांठगांठ कर लकड़कट्टे आम के हरे-भरे पेड़ों का धड़ल्ले से कटान कर रहे हैं। इसी के चलते थाना हजारा के रामनगर में कई दिनों से आम के पेड़ों का कटान चल रहा है। इसकी जानकारी लोगों ने डीएफओ नार्थ खीरी अनिल कुमार पटेल व एसडीओ दिलीप श्रीवास्तव को दी। इसके बाद वन विभाग संपूर्णानगर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डिप्टी रेंजर राधेश्याम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मामले में पता चला की दर्जन भर आम के पेड़ों के परमिट की आड़ में बगैर परमिट कई आम के पेड़ कटवा दिए गए। इस पर वन विभाग ने कार्रवाई किए जाने की बात कही है। डिप्टी रेंजर विमलेश ने बताया कि कलमी आम के पेड़ पर छूट है, हरेभरे पेड़ काटने के मामले में किसान से खसरा खतौनी मांगी गई है। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस काट कर कार्रवाई की जा रही है।