लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला भटनागर कॉलोनी में लगे कोविड-19 जांच शिविर में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को नामजद कर 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला भटनागर कॉलोनी निवासी अश्वनी अवस्थी ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने सांसद से लिखवाकर भटनागर कॉलोनी में कोरोना की जांच के लिए कोविड-19 कैंप लगवाया था। 12 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे ज्यों ही जांच कराने गया। आरोप है कि तभी राजेश अग्रवाल, महेश पुरी, अशोक गुप्ता व कई अन्य लोग आ गए और कहा कि हम लोग एक संस्था के लोगों की जांच पहले कराएंगे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राजेश अग्रवाल, महेश पुरी और अशोक गुप्ता ने उन्हें उठाकर पटक दिया। वह घर में घुसे तो तीनों आरोपी अपने 10 अज्ञात साथियों के साथ घर में घुस आए और पुत्र देवांग अवस्थी को घर के अंदर से खींचकर बाहर ले आए और जमकर पिटाई कर दी। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील सिंह ने बताया कि अश्वनी अवस्थी की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।