लखीमपुर खीरी। अपराधों को छुपाने और आंकड़ों में खेल करने में माहिर थाना प्रभारी थाना क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ न बढ़े इसको लेकर कहीं रिपोर्ट दर्ज नहीं करते तो कहीं धाराओं में खेल कर अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते हैं। ऐसा नहीं है कि इस खेल की जानकारी सीओ, एसपी को नहीं होती, लेकिन थाना प्रभारियों की इस पैंतरेबाजी के आगे अफसर भी मौन साध लेते हैं। जुलाई से अब तक 12 से अधिक चोरियां, छह से अधिक लूट और हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदात से जिले की कानून व्यवस्था बेपटरी होती दिख रही है। मितौली, मैगलगंज, तिकुनियां सहित कई थानों की पुलिस ने खुलासा तो दूर कई घटनाओं की रिपोर्ट तक भी दर्ज नहीं की।
मितौली में हुईं घटनाएं, अधिकतर का खुलासा नहीं
छह जुलाई : चोरों ने अस्पताल रोड पर रमेश रस्तोगी की दुकान से दो हजार रुपये की नकदी और एक किलो चांदी चोरी कर ली।
13 जुलाई : मैगलगंज रोड पर कमलेश गौतम के ट्रैक्टर की बैटरी चोर चोरी कर ले गए।
28 जुलाई : सीतापुर मार्ग पर पुलिस पिकेट से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर सराफ की दुकान से 12 हजार की नकदी व एक लाख के गहने चोरी।
30 जुलाई : कस्ता इलाहाबाद बैंक से पैसे लेकर घर वापस जा रही डालुवापुर निवासी युवती से दिनदहाड़े 15 हजार की लूट
तिकुनियां क्षेत्र में हुई प्रमुख घटनाएं, किसी की रिपोर्ट दर्ज नहीं
हफ्ते भर पहले गांव गोवर्धनपुरवा निवासी रामकिशोर के घर चोर घुस गए थे। दो किलो चांदी और पांच तोला सोना चोरी कर ले गए। पखवाड़े भर पहले चिम्मन टांडा निवासी गंतराम के घर से भी जेवर समेत हजारों रुपये का सामान चोरी हुआ। मोहर सिंह, घनश्याम के घर से भी हजारों का माल चोर चुरा ले गए। इसके अलावा गोवर्धन पुरवा निवासी प्रेमप्रकाश, बदालपुरवा निवासी कमाल, महतीन टांडा निवासी कमाल, अवनेश के घर चोरी हो चुकी है। पुलिस ने किसी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मैगलगंज पुलिस ने कुछ की रिपोर्ट दर्ज की तो कुछ की धाराओं में किया खेल
- 20 जुलाई की शाम बरबर निवासी भाई बहन को पल्सर सवार लुटेरों ने तमंचा लगाकर जेवर और 500 की नकदी लूटी।
- 21 जुलाई की रात कुंवरापुर गांव में एक दर्जन बदमाशों ने होमगार्ड प्रेमशंकर के घर परिवार वालों को बंधक बनाकर लूटा था। पत्नी और बेटे की कनपटी पर तमंचा लगाकर 30 हजार की नकदी और जेवर लूट ले गए थे। बदमाशों की संख्या करीब 12 थी, लेकिन पुलिस ने घर में घुसकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
- 21 जुलाई की ही रात को दर्मा गांव में शंकर लाल के घर में घुसे 12 से अधिक बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की। परिवार वाले जाग गए तो बदमाशों ने गांव के अंदर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई।
- 25 जून की रात शिवपुरी गांव में बृजेश मिश्रा के घर दो लाख तके जेवर और डेढ़ लाख की नकदी चोरी।
- 22 जुलाई की रात चुरई पुरवा चौराहे पर शिवम रस्तोगी की सराफा दुकान में 500 ग्राम चांदी 3000 की नकदी चोरी।
- 29 जुलाई की रात कस्बा मैगलगंज की मेन चौराहे पर जगदीश ज्वैलर्स की दुकान में 56000 की नकदी 2 किलो चांदी चोरी।
कहीं घटनाओं को दर्ज करने में यदि कोई खेल हुआ है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। चोरी, लूट की घटना होने पर संबंधित हल्का इंचार्ज और सिपाही जिम्मेदार होगा। उस पर कार्रवाई की जाएगी।
-सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी