महेवागंज। तीन दिन से लापता मजदूर का शव तीसरे दिन इंदिरा मनोरंजन पार्क में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। शव पर चोटों के निशान पाए जाने से परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है।
कोतवाली तिकुनियां के गांव रायपुर निवासी गुन्नू का पुत्र अरबाज (25) कोतवाली सदर के गांव रामनगर निवासी अपने एक रिश्तेदार के यहां कई महीनों से रहता था। वह साइकिल से शहर आकर मजदूरी करता था। रिश्तेदार जावेद के मुताबिक अरबाज शुक्रवार की सुबह रोज की तरह साइकिल से मजदूरी करने लखीमपुर शहर गया था। देर रात जब वह घर वापस नहीं आया तो रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिवार वाले और रिश्तेदार उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि इंदिरा मनोरंजन पार्क के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटक रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। शव पर चोट के जाहिरा निशान थे। पुलिस की सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। शव पर चोटों के निशान होने से परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। उसकी साइकिल भी गायब है। कार्यवाहक चौकी इंचार्ज एचसीपी अशोक अवस्थी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो सकेगी।