निघासन-सलीमाबाद। गांव पतिया में घूरे की जमीन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस ने इस मामले में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज करते हुए दोनों पक्षों के करीब 20 लोगों को नामजद किया है। मामला दो समुदाय के बीच का होने के कारण गांव में काफी संख्य में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ओपी गुप्ता, सीओ पीके वर्मा और प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
गांव पतिया निवासी पंचू ने बताया कि पड़ोसी आजाद से घूरे की भूमि को लेकर करीब पांच सालों से विवाद चल रहा था। इसी क्रम में दोनों पक्षों ने घूरा हटाकर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान आजाद ने भूमि पर कब्जा कर नींव बना ली। उसके बाद दोनों पक्षों ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने भी पंचू के पक्ष में आदेश कर दिया। उसके बाद खाली पड़ी भूमि पर पंचू ने भी छप्पर डाल कर कब्जा कर लिया। कई साल बाद जब पंचू का छप्पर टूट गया तो वह दूसरा छप्पर डालने लगा। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने छप्पर डालने से मना करते हुए उसके घर पर हमला बोल दिया और छप्पर आदि हटाकर कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हो गई, जिससे दोनों पक्ष के कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने इस मामले में पंचू के बेटे दिनेश की तहरीर पर आजाद समेत छह लोगों को नामजद करते हुए आठ 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, नबी हसन की तहरीर पर पंचू समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शनिवार सुबह एक बार फिर आजाद पक्ष के लोगों ने भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने विवाद निपटाते हुए पंचू का छप्पर कब्जा दिलवा दिया।