खमरिया। ईसानगर थाना क्षेत्र के कस्बा खमरिया और लाखुन गांव में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों और एक खाद की दुकान से नकदी समेत लाखों का माल पार दिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह र्हुई।
ईसानगर थाना क्षेत्र के लाखुन गांव निवासी पोस्टमैन सर्वेश मंगलवार की रात अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। चोर घर के पीछे की दीवार के सहारे चढ़कर जीने से घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में सो रहे सर्वेश के लड़के को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घर के सभी कमरों से कीमती सामान, उठा ले गए। सुबह जब सर्वेश नीचे आए तो सभी कमरे खुले और सामान बिखरा देख कर उन्हें घर में चोरी का आभास हुआ। सर्वेश के घर के बाहरी कमरे में किराए पर चल रहे पोस्ट ऑफिस से चोर कैश बॉक्स ही उठा ले गए और41 386 रुपये निकाल लिए। सुबह जब गांव वालों ने आसपास के खेतों में तलाश की तो कुछ दूर केले के खेत में खाली कैश बॉक्स एवं घर के बेकार कपड़े बक्से आदि पड़े मिले। जाते जाते चोरों ने गांव के ही बाबूराम तिवारी के घर से भी एक मोबाइल और तीन हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खमरिया कस्बे में ऐरा मिल द्वारा संचालित जुआरी एग्रो केमिकल के शोरूम के मैनेजर अजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम छह बजे कैश का मिलानकर लॉकर रख दिया था। बुधवार की सुबह 8.45 बजे शोरूम खोला, तो लॉकर टूटा पड़ा था। इसमें रखे 86430 रुपये गायब थे। उन्होंने बताया कि शोरूम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। मामले की लिखित सूचना पुलिस को दी है। एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सूचनाएं मिली हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।