गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम मलूकापुर मोड़ पर सोमवार को बाइक से पति के साथ जा रही महिला के कानों से सोने के कुंडल नोचकर बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। सूचना पाकर लुटेरों का पीछा कर रहे दरोगा की बाइक फिसलने से वह घायल हो गए।
अग्गर खुर्द निवासी रामू की बहन नन्ही देवी पति नारद मौर्य के साथ बाइक से ससुराल मटेहिया जा रही थी। रास्ते में मलूकापुर मोड़ के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने नारद की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और नन्ही देवी के कानों में पहने हुए सोने के कुंडल नोचकर फरार हो गए। छीना झपटी में रोड पर गिरकर कर नन्ही देवी घायल हो गईं। दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना पर एसआई विनोद कुमार यादव अपने हमराही ओम सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बाइक से उन लोगों के बताए अनुसार लुटेरों का पीछा करने लगे। लखीमपुर-पलिया राजमार्ग निर्माणाधीन होने के कारण जगह जगह पर पत्थर बजरी के ढेर लगे हुए हैं। उस पर चढ़कर दरोगा विनोद कुमार यादव की बाइक पलट गई और वह घायल हो गए। दरोगा को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उधर घायल नन्ही देवी को परिजन जिला अस्पताल ले गए।