मोहम्मदी। विभाग से बाट माप की मरम्मत का लाइसेंस लेकर दुकानों पर जाकर बाट पर मोहर लगाने वाले का शुक्रवार को दुकानदार से विवाद हो गया। दोनो पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की है।
गोला निवासी डीपी आर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके बेटे देव प्रकाश आर्य के नाम व्यापारियों से बाट माप की फीस लेकर मोहर लगवाने का लाइसेंस (मरम्मतकर्ता) है। वह मोहम्मदी-गोला व मितौली तहसील क्षेत्र में कार्य करता है। तीन जून को करीब 11:30 बजे एसबीएस पब्लिक स्कूल ग्राम रेहरिया के सामने स्थित न्यू मार्केट किराने की दुकान पहुंचा और दुकानदार से 20 किलो बाट पर इलेक्ट्रानिक कांटे की जांच फीस जमा कर मोहर लगवाने को कहा। इस पर दुकानदार ने कहा कि मालिक से बात कर लो। वह मालिक के पास गया तो वहां नरविंदर सिंह पुत्र रेशम सिंह निवासी रेहरिया मिले। आरोप है कि जब उसने परिचय दिया तो नरविंदर सिंह ने दुकान का शटर गिरा दिया और उसके व सहयोगी के साथ मारपीट की। उठा बैठक भी लगवाते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं अन्य दुकानदारों से वसूला रुपया वहीं दुकानदारों को वापस करा दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि नरविंदर सिंह और उसके साथियों ने 30 हजार रुपये नकद, तीन तोले की सोने की चैन, दो सोने की अंगूठी व पर्स से 4530 रुपये छीन लिए और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नरविंदर सिंह को नामजद करते हुए पांच अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा व लूटपाट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर नरविंदर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि दया प्रकाश आर्य व राजीव वर्मा निवासी गोला तीन जून को उसकी दुकान पर आए और खुद को मापतौल जांच अधिकारी बताकर दुकान में घुस गए। दुकान का कांटा उठा लिया और कहा कांटे की रसीद नहीं कटी है कैसे दुकान चला रहे हो। इसी बात पर गाली गलौज करते हुए इन लोगों ने दुकान सील कराने की धमकी दी। राजीव वर्मा ने काउंटर से 780 रुपये उठा लिए और 50 हजार रुपये की मांग की। इसी दौरान अन्य दुकानदार भी आ गए तो यह लोग अपनी बैग छोड़कर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने नरविंदर सिंह की तहरीर पर दया प्रकाश आर्य व राजीव वर्मा के खिलाफ कई धाराओं में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नरविंदर सिंह ने दया प्रकाश की बैग भी पुलिस को सौंपा है।