मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 मई को फंदा लगाने वाली 19 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान बुधवार को सुबह लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में मौत हो गई।
22 मई को सुबह गांव के पास हाईटेंशन लाइन के टावर से 20 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला था, जिसके कुछ देर बाद गांव में उसके घर के पड़ोस में रहने वाली युवती ने अपने घर के कमरे में कुंडे में दुपट्टा डालकर फंदा लगा लिया था, लेकिन युवती के पिता ने उसको फौरन नीचे उतार लिया, इससे वह बच गई। उसे लखीमपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से डॉक्टरों ने युवती को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया था। कुछ दिन ट्रॉमा सेंटर में इलाज होने के बाद युवती ठीक होकर बोलने लगी थी, जिस पर डॉक्टरों ने उसे बलरामपुर अस्पताल रेफर किया। जहां इलाज के दौरान युवती की तबीयत फिर से बिगड़ी, जिससे बुधवार की सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है।
---
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
पलियाकलां। कोतवाली क्षेत्र के अफीमीपुरवा गांव निवासी बल्ला के 30 वर्षीय पुत्र नंदराम का घर के आगे पेड़ से लटकता हुआ शव मिला। जिसके बाद वहां काफी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि नंदराम मानसिक मंदित था और उसका इलाज भी चल रहा था । ग्रामीणों के मुताबिक युवक कई बार घर से भाग चुका है। युवक के फांसी से लटका होने की सूचना पर परिजन में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस को सूचना दिए गए बगैर आपसी सहमति से परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। संवाद