बांकेगंज। अवैध खनन में लिप्त एक युवक ने एक दरोगा को हड़का दिया। इस घटनाक्रम का ऑडियो वायरल होने के बाद थाना मैलानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोला गोकरणनाथ का एक युवक लंबे अरसे से अवैध खनन कर रहा है। हाल ही बांकेगंज क्षेत्र से अवैध खनन कर गोला ले जाई जा रही बालू भरी ट्रॉली को बांकेगंज पुलिस चौकी इंचार्ज अनेक पाल सिंह ने जब पकड़ा तो उसने उन्हें मोबाइल पर जमकर हड़काया और देख लेने की धमकी भी दी। इन दोनों के बीच हुई वार्ता का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर चौकी इंचार्ज ने गोला निवासी युवक अभिषेक शुक्ला के विरुद्ध लोकसेवक को धमकाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि की थाना मैलानी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक, मैलानी अशोक कुमार यादव का कहना है कि बांकेगंज पुलिस चौकी इंचार्ज की तहरीर पर गोला निवासी अभिषेक शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी। संवाद