निघासन-बम्हनपुर। थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में विवाहिता का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। घटना को लेकर ससुराल वालों का कहना है कि वह मंगलवार को दवा लेने गई थी लेकिन वापस नहीं आई। बुधवार सुबह शव लटका होने की सूचना मिली। वहीं मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये न दे पाने पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
ससुराल वालों के मुताबिक मंगलवार को विवाहिता कस्बा निवासी एक व्यक्ति के यहां गन्ना छीलने के लिए गई थी। उसके बाद वह शाम करीब चार बजे घर पहुंची। तबीयत खराब होने के कारण वह दवा लेने के लिए दो किलोमीटर दूर स्थित लुधौरी गई। उसके बाद वह घर नहीं लौटी। उन्होंने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह करीब नौ बजे खेतों की ओर गए कुछ लोगों ने शीशम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी से शव लटकता देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं गांव पुरैना निवासी मृतका के पिता रोमी ने बताया कि उसने पुत्री सरोजनी (30) का विवाह गांव के ही हरिश्चंद्र के पुत्र पुरुषोत्तम के साथ तीन साल पहले किया था। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। बाइक आदि न देने पर उसे प्रताड़ित करते थे। पिता ने पति पुरुषोत्तम, ससुर हरिश्चंद्र, ममेरे ससुर घनश्याम के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सरोजनी का शव 10 किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा इस बात की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या का पता चलेगा। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।