गोला गोकर्णनाथ। केन ग्रोअर्स नेहरू डिग्री कॉलेज में मानदेय प्रवक्ता रह चुकीं मंजू शुक्ला के लापता 19 वर्षीय पुत्र हर्ष का पांचवें दिन भी कुछ पता नहीं लगा है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है। परेशान मां ने एसपी से मिलकर बेटे के साथियों पर ही उसे गायब करने का अंदेशा जताया है। इस पर एसपी ने गोला प्रभारी इंचार्ज को तत्काल लापता युवक का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुक्तिधाम मार्ग निवासी मंजू शुक्ला ने बताया कि उनका बेटा हर्ष पहली मार्च को शाम पांच बजे घर से लोवर और टी शर्ट पर नीली जैकेट, हवाई चप्पल पहनकर निकला था, तबसे नहीं लौटा है। खोजबीन के बाद जब बेटा नहीं मिला तो उन्होंने कोतवाली गोला में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बकौल मंजू शुक्ला ने पुलिस को बताया था कि बेटे के साथियों ने ही उसे गायब किया है। आरोप है कि पुलिस ने उसके एक साथी को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन बाद में छोड़ दिया है। वहीं बेटे का पता लगाने में कोतवाली पुलिस कोई रुचि नहीं ले रही है।
स्थानीय पुलिस की ढिलाई देख गुरुवार को परेशान मां ने एसपी से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने एसपी को बताया कि बेटे की तलाश के दौरान पता लगा कि बेटे का अपने कुछ साथियों से लेनदेन था और वह उसे उधार चुकता करने के लिए परेशान कर रहे थे, लेकिन यह बात बेटे ने कभी घर पर नहीं बताई। उन्हें संदेह है कि लेनदेन के विवाद में ही बेटे को गायब कर दिया गया है। उन्होंने एसपी को बेटे के आरोपी साथियों के नाम भी बताए हैं, जिस पर एसपी ने गोला प्रभारी इंचार्ज को मामले में तत्काल कार्रवाई करने और लापता युवक का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।