पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। कोरोना वायरस को लेकर नेपाल बॉर्डर पर सतर्कता के साथ मास्क पहनकर ही प्रवेश के निर्देश दिए गए थे। बसई चौकी समेत कुछ स्थानों पर एसएसबी की सतर्कता के कारण लोग मास्क लगाकर ही आए पर गौरीफंटा, चंदनचौकी, संपूर्णानगर बॉर्डर पर अब भी काफी संख्या में लोगों ने बिना मास्क के प्रवेश किया। संपूर्णानगर। यहां जागरूकता के अभाव में बिना मास्क के आ रहे लोगों को एसएसबी के जवानों ने रोक कर जागरूक किया।
गुरुवार को बसई में 49 वी वाहिनी एसएसबी पीलीभीत ने नेपाल से आने वाले लोगों को रोककर उन्हें मास्क लगाने की जानकारी दी। साफ शब्दों में कहा- अगर भारत आते हैं तो मास्क लगाकर ही आएं।
इंसपेक्टर भेरजी सोडा ने पिलर संख्या नंबर 200 के नजदीक और कंपनी के अन्य जवानों ने लोगों से अनिवार्य रूप मास्क लगाकर आने के लिए कहा।
चंदनचौकी में स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी बॉर्डर पर करोना के प्रति जागरूक करने को नहीं दिखा। एसएसबी के जवान जरूर लोगों को मास्क लगाकर ही आने के लिए जागरूक करते दिखे।
गौरीफंटा बॉर्डर पर कोरोना को लेकर जागरूक तो किया जा रहा है लेकिन लोग अब भी बिना मास्क के आ-जा रहे हैं।