मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने मां बाप पर अधेड़ को बेचने की कोशिश का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी माता पिता के खिलाफ धारा 504 व 506 तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की है। पिता ढाई बीघा खेत से परिवार का भरण पोषण करता है। उसने बड़े बेटे और लड़की की शादी कुछ साल पहले कर दी थी। बताते हैं कि आर्थिक तंगी के चलते उसने तीसरी बेटी की शादी अपनी रिश्तेदारी के एक अधेड़ से तय कर दी। जानकारी पर किशोरी ने परिजन से बगावत कर दी और शादी से इनकार कर दिया। मंगलवार को किशोरी कोतवाली पहुंची और कोतवाल को तहरीर देकर अपने माता पिता पर आरोप लगाया कि वह शादी के नाम पर उसे अधेड़ को बेचना चाह रहे है।
कोतवाली नहीं पहुंचे माता पिता
दरोगा देवकरन शर्मा उसके घर गए तो उसके माता पिता साथ जाने को तैयार नहीं हुए। इस पर दरोगा उन्हे कड़ी हिदायत देकर लौट आया।
किशोरी भी घर लौटी
कोतवाली पुलिस के आश्वासन के बाद किशोरी भी घर चली गई। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि किशोरी को भी हिदायत दे दी गई कि वह बालिग होने तक अपनी मर्जी से भी शादी नहीं कर सकती है। कहा- जरूरत पड़ने पर किशोरी को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसआई देवकरन शर्मा को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-संजय त्यागी, प्रभारी निरीक्षक