मितौली। दुष्कर्म के बाद नौ साल की बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने एक 19 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि युवक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को चालान कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
बुधवार को मितौली थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ साल की बालिका की दुष्कर्म की बाद हत्या कर दी गई थी। अगले दिन उसका अर्द्धनग्न शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत हत्या व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। एसओ अनिल कुमार सैनी ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि जिस खेत में शव मिला। उसके पास ही आरोपी अपने खेत में देखा गया था। घटना के बाद से वह गायब है। शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पर घर पर नहीं मिला। इस पर पुलिस का शक गहरा गया। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने विनीत उर्फ विकास को कस्ता पिपलझाला मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास एक तमंचा व एक कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस की पूछताछ में उसने दुष्कर्म के बाद बालिका के दुपट्टे से गला घोटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।