गुलरिया। ठग हर दिन ठगी के नए फार्मूले अपना रहे हैं। जब तक लोग एक फार्मूला समझ पाते हैं तब तक दूसरा मामला सामने आ जाता है। शिकायतें भी हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बीते कुछ सालों से ओटीपी के माध्यम से लोगों का पैसा निकालकर चूना लगाया जा रहा था तो वहीं अब धोखेबाजों ने लोगों के घर तक लिफाफे में स्क्रेच कूपन रखकर डाक से चूना लगाने का नया तरीका अपनाया है। ऐसा ही थाना भीरा के ग्राम रायपुर निवासी अजीत सिंह सैनी तथा उनके साथी बब्लू मौर्य के साथ हुआ। दोनों लोग अक्सर ऑनलाइन सामान मंगाते हैं। इसी आधार पर घर के पते पर डाक के एक फॉर्म और एक स्क्रैच कार्ड लिफाफे में रखकर उनके नाम पर भेजा गया और उसके अंदर रखे कूपन को स्क्रेच करने पर छह लाख 40 हजार रुपये का इनाम दिखाई दिया। कूपन के साथ दिए मोबाइल नंबर पर फोन करके शनिवार शाम को बात की गई। रविवार और सोमवार को अवकाश होने के कारण दो दिन तक उनसे कोई बातचीत नहीं हुई। उसके बाद सोमवार को बब्लू के मोबाइल पर मैसेज आया कि आपके अकाउंट में रुपया भेज दिया गया है, जिसका टीडीएस 12800 रुपये बनता है। स्टेट बैंक का अकाउंट नम्बर देकर टीडीएस की रकम जमा करने की बात लिखी गई। अजीत ठगों की चाल समझ गया और ठगों की पोल खोलने के लिए उसने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को व्हाट्सएप पर सूचना दी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
दो ठग गिरफ्तार, चालान भेजा
तिकुनियां कोतवाली पुलिस ने नेपाली नागरिक से 25 हजार रुपये ठगने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर दोनों का चालान कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि नेपाल राष्ट्र के भजनी निवासी टेकेंद्र बहादुर से ठगों ने तीन दिन पहले जादू के जरिए रकम दूनी करने का झांसा देकर 25 हजार रुपये ठग लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। उन्होंने बताया कि खैरटिया हॉल्ट स्टेशन से पुलिस ने गांव खमरिया निवासी छुटकन और शमसुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छुटकन के पास से 1020 रुपये और एक बारह बोर तमंचा, कारतूस व शमसुल के पास से 1560 रुपये बरामद किए। इस मामले में पुलिस नामजद सुरजीत और जैरुल्ला की तलाश कर रही है।