भीखमपुर। थाना मितौली के गांव देवमनिया में बृहस्पतिवार की रात छह बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर के मालिक के बड़े बेटे की कनपटी पर तमंचा लगाकर घर के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और नकदी-जेवर समेत करीब एक लाख रुपये का माल लूटकर भाग निकले। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।
गांव देवमनिया निवासी श्यामलाल ने बताया कि उनका मकान गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर दक्षिण में शुरूआत पर ही बना है। गुरुवार रात को पूरा परिवार सो रहा था। तभी रात करीब एक बजे छह-सात बदमाश दीवार कूदकर घर में घुस आए। बदमाशों ने उनके बड़े पुत्र राकेश कुमार की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी देकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया। दो बदमाश तमंचा ताने खड़े रहे, जबकि अन्य बदमाश बक्से को तोड़कर 22 हजार रुपये नकद, रंजीत कुमार के 3200 नकद, पत्नी का जेवर, अरुण कुमार के बक्से से जेवर और अरविंद कुमार के तीन हजार नकदी समेत करीब एक लाख का माल लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। लेकिन तब तक बदमाश जा चुके थे। पड़ोसी प्रधान अखिलेश चौधरी ने रात को ही पुलिस को जानकारी दे दी। मौके पर मितौली एसओ अनिल कुमार सैनी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
लूट की घटना नहीं हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-अनिल कुमार सैनी एसओ, मितौली