मझगईं। इलाके के बेला टॉपर गांव में पति-पत्नी को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश 22 भेड़ों को पिकअप में लादकर फरार हो गए। देर रात पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पहुंचे पलिया इंस्पेक्टर ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। काफी तलाश की लेकिन बदमाशों और भेड़ों का पता नहीं चल सका।
बेला टॉपर गांव निवासी रमेश पाल व उसकी पत्नी छोटी देवी घारी में बंधी भेड़ों के साथ ही दूर लेटे हुए थे। रात करीब एक बजे घारी में आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश उनके घर घुस आए और तमंचे के बल पर पति-पत्नी को बंधक बनाते हुए घारी में बंधी भेड़ों को खोलकर पिकअप में लादने लगे। छोटी देवी ने काफी मिन्नत की लेकिन भेड़ों के पांच बच्चों को छोड़कर बाकी 22 भेड़ों को लेकर बदमाश फरार हो गए। जाते-जाते शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दे गए। बदमाशों के जाने पर किसी तरह दोनों ने शोर मचाया। जिसपर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पलिया इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला ने मौका मुआयना किया और बदमाशों की तलाश भी की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। रमेश की पत्नी छोटी देवी ने बताया कि बदमाशों की संख्या छह थी।
टीमें लगाई गईं हैं, एसओजी की टीम भी लगी है। गांव में पूछताछ करने पर पता चला कि कुछ लोग भेड़ों को खरीदने आए थे उनपर ही शक जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल लोगों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
-विद्याशंकर शुक्ला, इंस्पेक्टर पलिया