महेवागंज। पुलिस चौकी के गांव मकसोहा निवासी युवक ने गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया है। उसने अपनी पैंट पर पेन से सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पड़ोसी गांव निवासी पिता-पुत्र को बताया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
शुक्रवार सुबह लोगों ने मकसोहा गांव के पश्चिम में आम के बाग में एक युवक का शव लटके देखा। मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की शिनाख्त गांव निवासी सियाराम चौरसिया के पुत्र कमलेश (35) के रूप में हुई। सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पुलिस पंचायत नामा भर रही थी तभी पुलिस की नजर उसकी पैंट पर गई। पैंट पर सुसाइड नोट लिखा था। जिसमें पड़ोसी गांव के पिता-पुत्र पर मारपीट और पैसे देने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया। परिवार वालों ने बताया कि मृतक सब्जी बेचकर गुजर बसर करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव ने बताया कि पैंट पर लिखा सुसाइड नोट मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नही दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।