अपात्रों को पट्टे आवंटित करने का आरोप
तहसील पहुंचकर शाहपुर के ढखिया निवासी ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पलियाकलां। भीरा थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरा के ढखिया कलां गांव के ग्रामीण तहसील पहुंचे और गोपनीय तरीके से पट्टे अपात्र व्यक्तियों को दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शाहपुर के ढखिया कलां गांव निवासी ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन दिया है। जिसमें कहा गया है कि लगभग 18 पट्टे बनाए गए हैं लेकिन किसी ग्रामीण को इसकी सूचना नहीं दी न ही खुली बैठक हुई। आरोप है कि गोपनीय तरीके से अपात्र व्यक्तियों को पट्टे दे दिए गए जबकि कई पात्र व्यक्तियों को पट्टे न मिलने से उनको परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शाहपुर में 54 नामों की पट्टा फाइल गोपनीय तरह से तैयार की गई और पलिया तहसील में जमा की गई इसकी जानकारी भी ग्रामीणों को नहीं दी गई। ग्रामीणों ने अगली कार्रवाई की सूचना देने, पात्र व्यक्तियों की खुली बैठक में प्रस्ताव पारित करने, खुली बैठक में पट्टों का आवंटन किए जाने की मांग की है। डीएम ने कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान रामदीश, शिवचन, जंग बहादुर, कैलाश, रामपाल, नरेश, छेदालाल, महेश, विनोद, सरनाम, रामकेवल, भजन लाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।