लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव छाउछ में सिपाही समेत तीन घरों में हुई चोरी की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है, लेकिन अब तक चोरों का सुराग नहीं लगा सका है।
शहर की एलआरपी चौकी क्षेत्र के गांव छाउछ के मोहल्ला गौतम बुद्धनगर में सोमवार की रात चोर, सिपाही दिनेश कुमार गौतम सहित तीन घरों से नकदी-जेवर समेत करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। सदर कोतवाली पुलिस ने सिपाही के भाई मनोज की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक अजय मिश्र ने चौकी इंचार्ज सुंदरलाल को फटकार लगाते हुए गश्त तेज करने और घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
तीन दिन बीते, चोरों का नहीं लगा सुराग, रोष
बेलरायां। थाना सिंगाही क्षेत्र के हरद्वाही बाजार चौराहा के कड़िया रोड पर स्थित गुड्डन अग्रवाल की दुकान का ताला रविवार की रात चोरों ने तोड़ दिया था और उसमें रखे 12 कीमती मोबाइल सहित करीब दो लाख का सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन खुलासे के कोई प्रयास नहीं किए हैं। पुलिस अंधेरे में हाथ पैर चला रही है। घटना को तीन दिन बीतने के बाद भी खुलासा न होने से व्यापारियों में पुलिस के प्रति रोष बढ़ रहा है। नगर व्यापार मंडल के रमाशंकर पांडेय ने बताया कि हफ्ते भर में यदि चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी बाजार बंद कर विरोध प्रकट करेंगे। संवाद