लखीमपुर खीरी। खीरी क्षेत्र में सीतापुर के 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी जेब से 5780 रुपये की नकदी भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने घर वालों को सौंप दी। परिवार वालों ने किसी रंजिश से इंकार किया है।
सीतापुर जिले के थाना हरगांव के गांव सहानियापुर निवासी आलोक वर्मा (40) सोमवार को घर से ओयल जाने की बात कहकर साइकिल से निकले थे। उनका शव शाम को थाना खीरी क्षेत्र के गांव खानपुर गुरैला के पास सड़क किनारे पड़ा देखा गया। पास में साइकिल पड़ी थी। शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास में मिली डायरी पर लिखे मोबाइल नंबरों से परिवार वालों को सूचना दी। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। तलाशी के दौरान मृतक की जेब में 5780 रुपये की नकदी मिली, जिसे पुलिस ने घर वालों को सौंप दिया। घर वालों ने किसी प्रकार की कोई रंजिश से इंकार किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बीमारी से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।