मैगलगंज। थाना क्षेत्र में चोरों ने चार जगह चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन तीन जगह चोरी करने में असफल रहे। वहीं अब्बासपुर निवासी रामकुमार सिंह के घर के अंदर घुसकर चोरों ने 5000 की नकदी और दो मोबाइल उठा लिए। इसके बाद तीन अन्य जगहों में सेंध लगाने का प्रयास किया लेकिन घर के लोग जाग गए, तो चोर वहां से रफूचक्कर हो गए।
अमित के मकान के पीछे से सेंध लगाई, वहां भी परिवार के लोग जाग गए और टॉर्च लगा दी तो चोर वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद चपरतला मे राजेश का खोखा तोड़ा, जिसमें पान पुड़िया और बिस्किट उठा ले गए। इसके बाद इच्छनापुर के जगदीश के यहां मकान में सेंध लगाई, वहां भी चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। पीड़ितों ने चोरी की सूचना मैगलगंज पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि मौका मुआयना कर लिया है। चोरों ने नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन गश्त के चलते चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।