लखीमपुर खीरी। किसी को न तो एटीएम का नंबर बताया और न ही पासवर्ड फिर भी एक व्यक्ति के खाते से 34 हजार रुपये निकल गए। सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला अर्जुनपुरवा निवासी ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा का शहर की अर्बन कोऑपरेटिव बैंक शाखा में खाता है। ज्ञानेंद्र कुमार मिश्र के मुताबिक उन्होंने तीन मई 2019 को 24 हजार रुपये और 19 अगस्त को 10 हजार रुपये जमा किए थे। 18 नवंबर को जब वे खाते से पैसा निकालने बैंक पहुंचे तो पता चला कि खाते में रुपया नहीं है। जानकारी करने पर बैंक कर्मचारियों ने बताया कि रुपया पेटीएम से निकाला गया है। यह सुन उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि उनके खाते पर एटीएम जारी है, लेकिन आज तक कभी एटीएम का उपयोग नहीं किया। खुद ही बैंक जाकर लेनदेन किया है। उन्होंने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।