बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) बफरजोन की भीरा रेंज की वन चौकी पर चार बोटा सागौन की लकड़ी बरामद हुई है। अपनी ही चौकी से लकड़ी बरामद होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। डीटीआर उपनिदेशक ने जांच शुरू कर दी है। जांच में वन विभाग की संलिप्तता उजागर होने के आसार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अवैध रूप से लकड़ी कटवाने में वन विभाग के कर्मचारी भी शामिल हैं।
डीटीआर बफरजोन के उपनिदेशक मनोज सोनकर ने मैलानी-भीरा हाइवे स्थित भीरा रेंज की वन चौकी पर बीती रात छापा मारा। वहां छिपाकर रखी गई चार बोटा सागौन की लकड़ी बरामद हुई। लकड़ी सीज कर दी गई है। उपनिदेशक ने बताया कि चौकी से लकड़ी बरामद होने की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी मिलेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
किशनपुर सेंक्चुरी जंगल से काटी गई लकड़ी
भीरा रेंज के वन चौकी से बरामद लकड़ी किशनपुर सेंक्चुरी जंगल से काटकर लाई गई थी। किसी मुखबिर ने चौकी में सागौन की लकड़ी छिपाकर रखे होने की सूचना दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक मनोज सोनकर को दी थी। उपनिदेशक ने जब छापा मारा तो सूचना सही निकली। भीरा रेंज कर्मियों का कहना है कि वे यह लकड़ी चौकी की मरम्मत के लिए लाए थे। वन कर्मी मामले की लीपापोती करने में जुटे गए है।