महेवागंज/सुंदरवल। एक पंचायत मित्र (रोजगार सेवक) और प्रधान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज प्रधान संगठन ने शनिवार को थाने का घेराव किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में देरी की, जिससे नाराज प्रधानों ने सड़क जाम कर दी। प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह ने प्रधानों का मान मनौवल करके कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब प्रधान सड़क से हटे।
प्रधान संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा है कि विकास भवन में चल रहे धरना प्रदर्शन में फूलबेहड़ ब्लॉक के रोजगार सेवक समीर सलमानी ने भरे मंच से प्रतापपुर प्रधान को अपशब्द कहे। प्रधान ने संगठन को अवगत कराया है। शनिवार को प्रधान लामबंद होकर थाना फूलबेहड़ पहुंचे और आरोपी पंचायत मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मामला शहर से जुड़ा बताते हुए मुकदमा सदर कोतवाली मे लिखाने को कहा। इस पर प्रधान नाराज हो गए। सभी लोग थाने के सामने सड़क पर धरना देने लगे। एसओ एसएन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तहरीर लेकर कहा कि सदर कोतवाली में मुकदमा लिखा जाएगा। यदि इस थाना क्षेत्र में कोई बात हुई है, तो उसकी जांचकर उचित कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन पर प्रधान धरने से उठे। इस मौके पर अभय यादव, सुमित तिवारी, मस्तराम दीक्षित, रणजीत सिंह, गुरमीत सिंह भुल्लर मौजूद रहे।