लखीमपुर खीरी। अपने भाई की ससुराल गए इंजन मिस्त्री की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृृतक की पत्नी ने जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। जबकि मृतक के छोटे भाई ने बीमारी से मौत होना बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव जहानपुर निवासी 40 वर्षीय धर्मेश कुमार पेशे से इंजन मिस्त्री था। वह गुरुवार को अपने भाई धनराज की ससुराल पड़रिया तुला गया था, जहां पर शुक्रवार की शाम को अचानक धर्मेश की तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने ससुराल में अचानक तबीयत खराब होने के बाद धर्मेश की मौत पर सवाल उठाए हैं। पुष्पा ने आरोप लगाया है कि खाने में जहर देकर धर्मेश की हत्या की गई है। जबकि मृतक के भाई अक्षय कुमार ने बताया है कि शुक्रवार को धर्मेश बीमार हो गए, जिसके बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। भीरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।