फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पौने आठ लाख की लूट मामले में पुलिस सिर्फ सर्विलांस के सहारे

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। दिन दहाड़े पौने आठ लाख की लूट में चार दिन बाद भी पुलिस और स्वॉट टीम लुटेरों का पता लगाने में नाकाम रही है। पुलिस केवल सर्विलांस के सहारे बदमाशों की तलाश में जुटी है। सर्विलांस सेल ने शहर के आसपास के नंबरों की कॉल डिटेल और मोबाइल बीटीएस खंगालें हैं। बृहस्पतिवार को तीन संदिग्ध भी उठाए हैं। मगर, पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है।
विज्ञापन

नौ सितंबर को दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े अंग्रेजी शराब के गोदाम के कर्मी घनश्याम सक्सेना को गोली मारकर पौने आठ लाख रुपये का बैग लूटकर भाग गए थे। गोटैय्या बाग मोड़ पर भीड़भाड़ वाले गोला मार्ग पर लूट की घटना से शहर में सनसनी फैल गई थी। गोदाम कर्मी बाइक से अपने साथी जयप्रकाश के साथ रुपये जमा करने बैंक जा रहा था। बदमाशों की इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस अफसरों में भी हड़कंप मच गया था। एसपी पूनम ने घटना के खुलासे में तीन टीमें लगाईं थीं। इसमें सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम भी शामिल थी। घटना को हुए चार दिन बीत गए हैं। पुलिस की माने तो वह संदिग्धों को मिलाकर अब तक 13 अपराधियों को उठा चुकी है। उनसे पूछताछ भी कर चुकी है, लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल क्षेत्र के साथ ही कई मोबाइल टॉवरों के बीटीएस खंगाले हैं। पुलिस सीडीआर डिटेल से करीब 48 नंबरों को ट्रेस कर उनके आधार बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बदमाशों की धरपकड़ में जुटे सूत्रों की माने सीडीआर डिटेल के बाद यह साफ हो गया है कि बदमाश लखीमपुर खीरी जिले के ही हैं। पुलिस अब उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी है। बृहस्पतिवार को स्वॉट टीम ने गांव कैमहरा के पास से तीन संदिग्धों को दबोचा है। पुलिस अज्ञात स्थान पर लाकर उनसे पूछताछ कर रही है।
रिवाल्वर समेत सात लाख की चोरी भूल गई पुलिस
धौरहरा। थाना क्षेत्र के गांव कलुआपुर स्थित एलीट एकेडमी में स्कूल की एमडी रिम्पी सेठ के कमरे में लगी खिड़की की ग्रिल उखाड़कर चोर 14 जुलाई की रात चोर कमरे में घुस गए थे। अलमारी में रखे सात लाख रुपये, डेढ़ लाख की ज्वैलरी, लाइसेंसी रिवाल्वर, 19 कारतूस, मोबाइल आदि चोरी कर ले गए थे। एसपी ने स्वॉट टीम को खुलासे में लगाया था। पुलिस और स्वॉट टीम ने करीब 15 दिन अंधेरे में हाथपांव मारे, लेकिन जब कोई सफलता मिलती नहीं देखी तो हाथ पर हाथ धर कर बैठ गई। पुलिस इस घटना का भी अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
विज्ञापन

दोनों घटनाओं पर पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। पौने आठ लाख की लूट मामले में कुछ क्लू मिले हैं, जिन पर पुलिस काम कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

शैलेंद्र लाल एएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें