महेवागंज/सुंदरवल। भीरा हाईवे किनारे बसे जहानपुर चौराहे पर स्थित एक घर में रविवार को ईसाई मिशनरी की प्रार्थना पर बवाल हो गया। ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और आरोपी पास्टर सहित कई लोगों को पकड़कर थाने लाई। पुलिस ने पूछताछ के बाद पास्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य लोगों को छोड़ दिया।
रविवार को जहानपुर गांव निवासी सीबू के घर ईसाई मिशनरी की प्रार्थना सभा चल रही थी, हर रविवार को यह सभा होती है। इस बार भी काफी संख्या में लोग मौजूद थे। किसी टिप्पणी पर हिंदू समुदाय के लोग मुखर हो गए और आपत्ति कर मामले की जानकारी हिंदू संगठन को दी। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के लोग मौके पर पहुंचे। प्रार्थना सभा के बहाने लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनको खदेड़ना चाहा। इस पर संगठन पदाधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पास्टर और चार नाबालिग किशोरियों समेत कई लोगों को पुलिस थाने लेकर पहुंची। सभा कर रहे लोगों ने पुलिस को बताया कि वे लोग भी हिंदू है। उन्होंने अपना धर्म नहीं बदला है। प्रभु ईसा का प्रवचन सत्य है। इसीलिए वे लोग प्रार्थना सभा में शामिल होते हैं।
पुलिस ने पास्टर को हिरासत में लेने के बाद अन्य सभी लोगों को छोड़ दिया। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि मूलत: केरल के रहने वाला पास्टर सीबू इस समय जहानपुर गांव में रह रहा है। उसके खिलाफ लोगों को बहला फुसला कर धर्म परिवर्तन करानेे के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।