लखीमपुर खीरी। वीडीओ त्रिवेंद्र कुमार की आत्महत्या के मामले में नामजद भाकियू (लोकतांत्रिक) प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान की गिरफ्तारी के लिए खीरी पुलिस की चार टीमों ने लखनऊ में डेरा डाल दिया है। पुलिस को शक है कि चौहान व गिरफ्तारी से रह गए अन्य आरोपी हाईकोर्ट में समर्पण कर सकते हैं।
गोला में 28 अगस्त को हुई भाकियू (लोकतांत्रिक) की पंचायत हुई थी। पंचायत में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान भी थे। वह माइक से पंचायत में मौजूद बीडीओ त्रिवेंद्र कुमार का बुरा भला कह रहे थे और उससे सवाल पूछते थे। इस पंचायत का वीडियो वायरल होने से अवसाद में आकर बुधवार को त्रिवेंद्र कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक वीडीओ के पिता कोमल प्रसाद की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने भाकियू (लोकतांत्रिक) के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, गोला तहसील अध्यक्ष महेश चंद्र वर्मा, मीडिया प्रभारी विकास शुक्ला, सेक्टर प्रभारी अनिल स्वामी ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह वर्मा, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू, ग्राम पंचायत देवरिया प्रधानपुत्र पप्पू उर्फ हरदेव, रसूलपुर प्रधान के पति जुबेर अहमद और गांव रसूलपुर निवासी गयाशुद्दीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, विकास शुक्ला, देवरिया प्रधानपुत्र पप्पू उर्फ हरदेव और प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू फरार है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पांच टीमें लगाईं है। टीमों ने लखनऊ में डेरा डाल रखा है, लेकिन वह और उसके फरार दो अन्य साथी अभी पकड़े नहीं जा सके हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी हाईकोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। एसपी पूनम के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान के खिलाफ प्रदेश में कई थानों पर आठ से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई हुई है। एसपी ने कहा कि टीमें गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं। शीघ्र ही सभी आरोपी जेल में होंगे।