सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। सिंगाही के युवक की रहीमपुरवा गांव में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना स्थल देखने के बाद पुलिस का मानना है कि उसकी हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद हत्यारों ने शव लाकर सड़क किनारे फेंक दिया। युवक की बाइक, दो मोबाइल फोन और लैपटॉप गायब है। इस बीच हत्या का पता चलने पर भीड़ सिंगाही थाने पर इकट्ठी हो गई, पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने बार-बार फोन युवक को बुलाने वाले दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हत्या का शिकार हुआ प्रदीप (24) सिंगाही कस्बे के मोहल्ला चमरौआ का रहने वाला था। पिता सीताराम नेपाल में मेडिकल स्टोर चलाते हैं, उनकी पत्नी भी साथ में नेपाल में ही रह रही हैं। भाई सुग्रीव ने बताया कि चमरौआ में वह और दो बहनें प्रीती व सुनीता के अलावा प्रदीप साथ रहता था। प्रदीप गांव सिंगहा निवासी अपनी बुआ कल्याणी के घर से बाइक से शुक्रवार शाम छह बजे यह कहकर निकला था कि रहीमपुरवा गांव से बार-बार फोन करके कोई बुला रहा है। उसके बाद वह नहीं लौटा। परिवार वालों ने तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि शीतलापुर-रहीमपुरवा मार्ग पर रहीमपुरवा के पास मोड़ पर एक शव पड़ा है। शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आनन-फानन में शव गाड़ी में लेकर चली ही थी। इसी बीच भाजपा नेता मोहित त्रिवेदी प्रदीप के परिवार वालों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घर वालों को समझाया बुझाया और शव थाना ले आई। इधर प्रदीप की हत्या की खबर फैलते ही थाना पर काफी भीड़ जमा हो गई। बवाल की आशंका पर पुलिस आनन-फानन में शव लेकर निघासन सीएचसी पहुंची और वहीं पंचनामा भरा। शव पर लाठी-डंडों से पीटने के निशान मिले हैं। इससे साफ है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। मौके पर संघर्ष आदि के निशान न होने से पुलिस को शक है कि प्रदीप की हत्या करने के बाद शव दूसरी जगह फेंका गया। पुलिस ने देर शाम भाई सुग्रीव की तहरीर पर रामनगर निवासी बालक राम और विकास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी अजय राज के मुताबिक इन्हीं दोनों ने बार-बार फोन करके प्रदीप को रहीमपुरवा बुलाया था। फिलहाल उनसे किसी रंजिश की बात सामने नहीं आई है।