गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर में नव विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में लटकता मिला। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। विवाहिता की चार माह पूर्व शादी हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे।
गांव जलालपुर निवासी आनंद गुप्ता की 25 वर्षीय पत्नी शिल्पी गुप्ता का शव शनिवार की दोपहर घर के अंदर टिनशेड के नीचे कड़ी में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। शिल्पी की सास प्रेमलता ने बताया कि घर में कोई नहीं था। वह अपनी कक्षा तीन में पढ़ने वाली पुत्री आकांक्षा की फीस जमा करने सुबह नौ बजे स्कूल गई थी। ससुर सुरेश कुमार किसी काम से कानपुर गए थे। पुत्र आनंद अपने काम से लखीमपुर गया था। बहू शिल्पी घर पर अकेली थी। सुबह11 बजे के लगभग जब वह अपनी पुत्री के साथ स्कूल से आई तो घर बंद था। पुत्री आकांक्षा को पड़ोसी के यहां से घर के अंदर भेजा। दरवाजा खुलने के बाद जैसे ही वह आंगन में पहुंची तो टिनशेड के नीचे कड़ी के सहारे दुपट्टे से शिल्पी का शव लटक रहा था। सूचना पर मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव अयोध्यापुर निवासी शिल्पी के पिता रामकिशोर गुप्ता, मां नीरा गुप्ता, भाई अनुज गुप्ता भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को अपनी पुत्री शिल्पी का विवाह आनंद के साथ किया था। ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। जिसे वह पूरी न कर सके। जिस कारण ससुराल वालों ने उनकी पुत्री को जान से मार दिया है। पिता रामकिशोर गुप्ता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति आनंद गुप्ता, ससुर सुरेश गुप्ता, सास प्रेमलता और दो विवाहिता ननद के खिलाफ तहरीर दी है। सूचना पर पहुंचे सीओ रविंद्र कुमार वर्मा, तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने मौका मुआयना किया। परिवार वालों से जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका के मायके वालों ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के गले पर फंदे के निशान के अलावा अन्य कोई चोट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र कुमार वर्मा सीओ गोला।