सिकंद्राबाद। कोचिंग में प्रवेश लेने की बात कहकर एक साथ घर से निकले चार छात्र लापता हो गए। इनमें से तीन बच्चे एक ही परिवार के हैं। इस समय बच्चा चोर गिरोह का शोर है। इसलिए इनके परिवार वाले अपने बच्चों के लापता होने से परेशान हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। चारों छात्रों की तलाश की जा रही है।
थाना नीमगांव के गांव अमघट निवासी प्रशांत वाजपेयी (14) पुत्र दयाशंकर, चचेरा भाई इशांत वाजपेई (14) कक्षा नौ में पढ़ते हैं। प्रांशुल वाजपेयी (16) हाईस्कूल, गांव का ही राजकुमार (12) आठवीं का छात्र है। दयाशंकर वाजपेई ने बताया कि चारों छात्र रविवार की शाम घर से यह कहकर निकले थे कि वह गांव के नजदीक कोचिंग सेंटर में एडमीशन लेने जा रहे हैं। उसके बाद वह शाम तक वापस नहीं लौटे। परिवार वालों ने चारों की तलाश की। रिश्तेदारी में भी उनका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने चारों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
पिता दयाशंकर की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गयी है। बच्चे घर से एक राय होकर गए हैं। बैग में कपड़े और आधार कार्ड भी ले गए है। दिल्ली जाकर काम ढूंढने की बात की चर्चा है। कस्ता चौराहे पर पान वाले ने चारों को एक साथ देखा है। शीघ्र ही बच्चों को बरामद कर लिया जाएगा।
- गौरीशंकर पाल, इंस्पेक्टर नीमगांव