महेवागंज(लखीमपुर खीरी)। ज्ञानपुर और बढ़ेपुरा के लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करीब एक साल से चल रही थी। लोगों को ईसाई धर्म की अच्छाई के बारे में जब तक बताया जाता रहा, तब तक तो मामला दबा रहा, मगर अब जब हिंदू धर्म के देवी-देवताओं के बारे में टिप्पणी होने लगीं तो मामला गरमा गया और रविवार को नतीजा सामने आ गया।
सदर कोतवाली के गांव ज्ञानपुर की आबादी करीब छह हजार है। इसमें अनुसूचित जाति के लगभग 1200 परिवार रहते हैं। इन दो गांवों में 250 लोगों का एक साल से धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश हो रही थी। गांव वालों की मानें तो सदर कोतवाली के ज्ञानपुर गांव में रहने वाले मदनलाल के घर पर एक साल से ईसाई धर्म के प्रचार प्रसार के लिए सभा चल रही थी। हर रविवार को इन सभाओं का आयोजन होता था। पहले तो पास्टर अपनी सभा में माइक से नहीं बोलते थे। धीरे-धीरे यह सिलसिला शुरू हुआ। रविवार को जब उन्होंने माइक से हिंदू देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की तो दलितों, महिलाओं और बाकी गांव वालों में रोष पनप गया। गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर बवाल काटा। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को दी गई। इन दो गांव के अलावा सुंदरवल में भी सरवन कुमार नाम का व्यक्ति अपने घर में बुलाकर हिंदुओं को ईसाई धर्म का ज्ञान समझाकर धर्म परिवर्तन करा रहा है। पुलिस ने उसे भी पकड़ा, मगर हिदायत देकर छोड़ दिया।
रुपये पैसे का लालच देकर करा रहे धर्म परिवर्तन
हिंदू जागरण मंच के जिला मंत्री संजीव अवस्थी ने बताया कि कुछ लोग भोले भाले लोगों को रुपये और तरह तरह का प्रलोभन देकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य किया जा रहा है। यह रैकेट पूरे लखीमपुर खीरी में चल रहा है। धर्म परिवर्तन कराने वाले दूसरे धर्मों के देवी देवताओं पर अभद्र टिपणी करते है। पुलिस का भी इनको संरक्षण मिला है। चौकी प्रभारी पारस नाथ ने बताया कि ज्ञानपुर गांव में सभा करते पकड़े गए आरोपीयो के पास परमिशन के फर्जी प्रपत्र मिले है।
हफ्ते भर भी पहले भी सामने आया था मामला
थाना फूलबेहड़ के सैदीपुर गांव में सप्ताह भर पहले गांव के दलितों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने और इसका प्रचार प्रसार करने के आरोप में आरएसएस कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों ने कुछ लोगों को सभा करते पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया था।
पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गांव वालों की तहरीर पर तीन के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूछताछ चल रही है। बाकी पर भी कार्रवाई की जाएगी। -फतेह सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर