मोहम्मदी। नगर के कई मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। सोमवार को एक युवक ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की, जिस पर पुलिसकर्मियों ने बरवर रोड स्थित खान मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नशीली दवाइयां बरामद कीं। इसके बाद पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने की नीयत से ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना नहीं दी और न ही खुद कार्रवाई की है।
मोहल्ला बाजार खुर्द निवासी एक पिता अपने नशेड़ी पुत्र को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को बताया कि पुत्र को नशे में देखकर परेशान हो चुका हूं। आप लोग कुछ इसको दंड दे दें, जिससे यह सुधर जाए। इस पर पुलिस ने युवक से नशे के बारे में पूछा, तो युवक ने खान मेडिकल स्टोर से नशीली दवा खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर कई पत्ते नशीली दवाएं बरामद कीं। मेडिकल स्टोर मालिक को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले आई। इसके बाद कोतवाली में पुलिस ने मामला रफा-दफा कर दिया। इसलिए ड्रग इंस्पेक्टर को मामले की सूचना नहीं दी गई। जबकि बरवर रोड पर कई मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार अरसे से संचालित है, जिसकी चपेट में आकर अच्छे परिवारों के भी युवा बरबाद हो रहे हैं।
नशीली दवाओं की बिक्री का मामला संज्ञान में आया है। सिपाही भेजकर खान मेडिकल स्टोर से कुछ नशीली दवा बरामद की है, लेकिन अभी कार्रवाई नहीं की है।
- संजय त्यागी, प्रभारी निरीक्षक
सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी मिली है, लेकिन मोहम्मदी कोतवाली पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। फिर भी मोहम्मदी क्षेत्र के मेडिकल स्टोर की सघन चेकिंग की जाएगी।
- सुनील रावत, ड्रग इंस्पेक्टर